Saturday, April 13, 2019

करतारपुर कॉरिडोर : सुखद उम्मीदों का रास्ता

पल्स- Ajay Shukla

करतारपुर कॉरिडोर : सुखद उम्मीदों का रास्ता
हिंदुस्तान के छोटे भाई पाकिस्तान ने पहली बार बड़ा दिल दिखाया है। सिख पंथ के लिए करतारपुर का पवित्र दरबार साहिब गुरुद्वारा मक्का-मदीना के मानिंद है। भारत पाकिस्तान की सीमा पर स्थित डेरा बाबा नानक (जिला गुरदासपुर) से फकत तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थिति इस गुरुद्वारे को सिख पंथ के लोग दूरबीन से देखकर शीश नवाते और अरदास करते हैं। सिख पंथ की यही अरदास होती है कि उनको गुरुनानक देव जी के बनाये इस गुरुघर और उनकी समाधि के दर्शन मिलें। करोड़ों सिख यह तमन्ना दिल में लिये दुनिया से रुख़सत हो गये। उन्हें नानक बाबा के दरबार साहिब के दर्शन नहीं हो सके। देश की आजादी के बाद से अब तक कई बार यह कोशिश की गई कि करतारपुर में दरबार साहिब तक श्रद्धालुओं को बेरोकटोक दर्शन का मौका मिले मगर पाकिस्तान से तल्ख रिश्तों के कारण यह संभव नहीं हुआ। पाकिस्तान की सियासत ने करवट ली और आवाम ने क्रिकेटर इमरान खान को सत्ता की चाबी सौंपी। इमरान ने अपने क्रिकेटर दोस्त और पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को बुलावा भेजा। भारी विरोध के बाद भी सिद्धू ने दोस्ती निभाई। सिद्धू ने करतारपुर में बेरोकटोक दर्शन का रास्ता देने की मांग रखी, जिस पर चर्चा शुरू हुई।
पाकिस्तान से सिद्धू लौटे, तो मानों आफत टूट पड़ी। विरोधियों से लेकर उनकी अपनी कांग्रेस के तमाम प्रतिद्वंदियों तक ने सिद्धू की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिये। पिछले 70 सालों के दौरान कई बार धर्म के नाम पर सत्ता सुख भोगने वालों ने भी सवाल उठाये, जिन्होंने खुद कुछ नहीं किया था। उन्हें लगा कि कहीं सिद्धू अपनी दोस्ती का वास्ता देकर करतारपुर के दरबार साहिब का रास्ता न खुलवा दें। वो भी लेटर-लेटर खेलकर उछलने लगे। केंद्र की भाजपा सरकार और पंजाब की पिछली सरकार के कारिंदे भी फुदकने लगे, जैसे वही सब कुछ कर रहे हों। सच तो यह है कि करना पाकिस्तान को है, तीन किलोमीटर का गलियारा बनाकर। गलियारा बना तो डेरा बाबा नानक सीमा से सिख संगत दर्शन दौड़ लगाते दर्शन को पहुंच सकेंगे। सिख पंथ के लिए यह एक अशीम उपहार है, जिसके लिए उनकी आंखें अरसे से तरस रही थीं। पाकिस्तान के निजाम इमरान ने दोस्ती का पैगाम भेजा तो केंद्र और पंजाब के सियासतदां क्रेडिट के लिए लड़ मरे। सीएम अमरिंदर सिंह के साथ धुर विरोधी अकाली भी मंच पर जम गये। सिद्धू को एक बार फिर से अपने दोस्त का पाकिस्तान से पैगाम आया और कीरतपुर दरबार साहिब तक के लिए कॉरिडोर बनना तय हो गया।
सिख पंथ को सिद्धू की इस बड़ी सौगात ने पंथ की सियासत करने वालों को किनारे लगा दिया है। परेशान हाल लोगों ने फिर वही किया जो सिद्धू की पिछली यात्रा के दौरान हुआ था। पिछली बार पाक सेना प्रमुख से झप्पी पर सवाल खड़े किये गये थे, तो इस बार उग्र सिख पंथक के साथ एक फोटो पर बवाल किया जा रहा है। सब यह भूल रहे हैं कि 70 सालों में दोनों देश में न जाने कितने हुक्मरां आये मगर कुछ सार्थक नहीं हो सका। पहली बार छोटे ने बड़ा दिल दिखाया है। यह सिर्फ सिद्धू की दोस्ती का रंग है, जो दोनों देशों के बीच रिश्तों की एक नई इबारत लिख रहा है। एक अच्छे मौके को अगर हम खो देंगे, तो फिर पता नहीं आगे क्या होगा? दोनों पड़ोसियों या यूं कहें भाइयों की दुश्मनी से दोनों को ही कुछ हासिल नहीं हुआ बल्कि खोया बहुत कुछ। इस मौके पर इमरान खान ने स्पष्ट कर दिया कि वह हिंदुस्तान से दोस्ताना कायम करने के लिए किसी भी मुद्दे पर बात करने को तैयार हैं। पाकिस्तान ने पहली बार इतनी सकारात्मक बात की है।
इमरान खान ने वजीर ए आजम बनने के बाद से ही हिंदुस्तान से रिश्ते सुधारने की पहल की है। जो पाकिस्तान कुछ मुद्दों को छोड़कर ही बात करने को कहता था, उसने सभी मुद्दों पर बात करने का संदेश देकर बड़ा दिल दिखाया है। यह एक बेहतरीन मौका भी है और कूटनीति भी। वजह साफ है एशिया और यूरोप से लगते राज्यों में चीन एक बड़ी महाशक्ति बन चुका है। चीन ने अपना गलियारा भारत की सीमा से पाकिस्तान तक बना लिया है। समुद्री इलाके में भी उसका दबदबा बन चुका है। भारत-पाक के बीच की तल्खी ने पाकिस्तान को आर्थिक रूप से तोड़ दिया है। हिंदुस्तान के बजट का एक बड़ा हिस्सा “पाकिस्तान के हमले” का डर खा जाता है। दोनों देशों के हजारों जवान इस छद्म युद्ध में मर रहे हैं। उनके परिवार अनाथ हो रहे। आर्थिक और राजनीतिक आस्थिरता बढ़ती ही जा रही है। उधर, किसी देश को अपना ‘आर्थिक उपनिवेश’ बनाना चीन का शगल है। दक्षिण चीन सागर को चीन अपने अधीन कर चुका है, ठीक इसी तरह वह हिंद महासागर को बनाना चाहता है। चीन दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनने के लिए हिंद महासागर में दखल बढ़ा रहा है। एशियाई और पूर्वी अफ्रीकी देशों में भी भारी निवेश कर रहा है। यह उसकी चाल है कि पहले ढांचागत निवेश का लालच पैदा करो और फिर प्रोजेक्ट्स पर बढ़ते कर्ज को ‘री-एडजस्टमेंट’ करने के नाम पर उस देश को अपना आर्थिक ‘उपनिवेश’ बना लो।
पाकिस्तान के नये निजाम को चुनौतीपूर्ण हालात में देश मिला है। पाकिस्तान न केवल कर्ज में डूबा हुआ है बल्कि चारो तरफ से घिर गया है। उधर, आवाम की उम्मीदें बड़ी हैं। उनको पूरा करने के लिए भारत से छद्म युद्ध के बजाय विकास के रास्ते चलना उसकी मजबूरी है। सिद्धू को दोस्ती का करतारपुर कॉरिडोर उपहार में देने के बाद इमरान ने भारत से सभी मुद्दों पर बात के लिए सहमति जता दी है। अब जरूरत हमारे आगे बढ़ने की है क्योंकि हमने बहुत कुछ खोया है और खो रहे हैं। हमारी सुरक्षा-खुफिया एजेंसियां और सियासतदां दोनों देशों में अमन नहीं चाहते हैं क्योंकि अगर अमन हो गया तो उनके अनाब शनाब बेहिसाब खर्च पर लगाम लग जाएगी। देश का हित चाहने वालों के लिए यह सबसे मुफीद मौका है कि दोनों देशों के संबंध सुधारें और बड़े दिल से विकास के पथ पर दौड़ लगायें। अभी अगर यह नहीं हुआ तो भविष्य में संभावनायें नगण्य हो जाएंगी क्योंकि हर बार करतारपुर कॉरिडोर सुखद उम्मीद के रास्ते नहीं बना पाएगा।

जय हिंद।
(लेखक आईटीवी नेटवर्क के प्रधान संपादक हैं)

No comments: